चंडीगढ़ : उपायुक्त यूटी चंडीगढ़ निशांत कुमार यादव ने शनिवार को शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर 8 और 9 अगस्त को आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय विशेष निर्वाचन सेवा शिविरों की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
ये विशेष शिविर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बूथ लेवल अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने बीएलओस को निर्देश दिए कि शिविरों में पहुंचने वाले नागरिकों को मतदाता सूची और निर्वाचन संबंधी सेवाओं के लिए आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
चंडीगढ़ के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष निर्वाचन सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं और निर्धारित निर्वाचन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका
प्रशासन के अनुसार 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान पात्र नागरिक निर्धारित घोषणा-पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
जो नागरिक 1 जुलाई 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं, वे प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के लिए नियुक्त निर्वाचक नामावली पर्यवेक्षक भी विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं और प्रगति का निरीक्षण करेंगे।
1950 हेल्पलाइन और ECINET ऐप से मिलेगी सहायता
निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल एप्लीकेशन पर उपलब्ध “Book a Call Request with BLO” सुविधा के माध्यम से भी बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने चंडीगढ़ के उन सभी युवा निवासियों से विशेष अपील की है, जिन्होंने 1 जुलाई 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है अथवा उस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष निर्वाचन सेवा शिविरों के दौरान अपने निकटतम मतदान केंद्र पर जाकर प्रपत्र-6 जमा करवाने और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहिए और मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करना चाहिए। युवाओं की चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी एक मजबूत, जीवंत और समावेशी लोकतंत्र के लिए आवश्यक है।