वार्ड-29, 16 और 1 में विधायक ने सुनीं सड़क, पानी, सीवरेज, सफाई व स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायतें; संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान का दिया भरोसा। रंधावा बोले, लोक मिलनियों का मकसद सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद कायम करना है, ताकि जमीनी समस्याओं की जानकारी लेकर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।

जीरकपुर : डेराबस्सी हलके के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने शनिवार को जीरकपुर के तीन अलग-अलग वार्डों में लोक मिलनियां कर क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं, शिकायतें और विकास से जुड़ी मांगें सुनीं तथा संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने का भरोसा दिया।

विधायक रंधावा ने वार्ड नंबर-29 स्थित जनरल धर्मशाला भबात, वार्ड नंबर-16 के रॉयल एस्टेट और वार्ड नंबर-1 के रविंदरा एन्क्लेव, बलटाना में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इन बैठकों के दौरान सड़क, सफाई, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइट सहित क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों को लेकर लोगों के साथ विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न वार्डों के लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याएं विधायक के सामने रखीं।

रंधावा ने कहा कि लोक मिलनियों का उद्देश्य लोगों और सरकार के बीच सीधा संवाद कायम करना है, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं और जरूरतों की सही जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मोहल्लों और वार्डों तक पहुंचकर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जीरकपुर सहित पूरे डेराबस्सी हलके में विकास कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है।

‘पंजाब का एक ही नारा—भगवंत मान दोबारा’ अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में विधायक ने लोगों से सरकार के कामकाज और स्थानीय विकास योजनाओं को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

इस मौके पर नगर कौंसिल जीरकपुर के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह विर्क, वार्ड इंचार्ज अमरीक सिंह, कुलदीप कौर, अन्य पार्षद व वार्ड इंचार्ज, हलका यूथ कोऑर्डिनेटर गगनदीप सिंह, पूर्व पार्षद जसविंदर सिंह, महिला विंग की अध्यक्ष व उनकी टीम सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।