जीरकपुर : पंचकूला रोड स्थित एक रिजॉर्ट में शनिवार को महिलाओं की ओर से हरियाली तीज का त्योहार उत्साह और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। पंजाबी लोकगीतों और बोलियों पर महिलाओं की ओर से प्रस्तुत पारंपरिक गिद्दा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इस दौरान विभिन्न व्यंजनों के स्टाल भी लगाए गए।
कार्यक्रम में डेराबस्सी हलके के वरिष्ठ भाजपा नेता गुरदर्शन सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। हरदीप सिंह सैनी और भाजपा जिला ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सैनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजकों की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।
तीज उत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर पंजाबी संस्कृति के अलग-अलग रंग प्रस्तुत किए। लोकगीतों और बोलियों की धुन पर महिलाओं ने गिद्दा डालकर खूब समां बांधा। खाने-पीने के विभिन्न स्टालों पर भी महिलाओं की भीड़ रही। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं देकर उत्सव की खुशियां साझा कीं।
मुख्य अतिथि गुरदर्शन सिंह सैनी ने महिलाओं को हरियाली तीज की बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।
इस अवसर पर निधि बल्लोनी, मंडल अध्यक्ष सुरेश खटकड़, कृष्णा, पार्षद दीपक नेगी, पार्षद अलका सैनी, नेहा, जसप्रीत कौर, नीतू खुराना, राकेश गोदारा, परवीन मित्तल, मंडल अध्यक्ष सतपाल बंसल, मोनू शर्मा, प्रदीप शर्मा, पुष्पिंदर मेहता, सनत भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की बधाई दी।