कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के निर्देश पर प्रवर्तन टीम की कार्रवाई, ईएनटी अस्पताल के बाहर सार्वजनिक जगह पर रखा सामान हटाकर जब्त किया गया; निगम ने कहा—अतिक्रमण से राहगीरों और वाहन चालकों को होती है परेशानी, अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बार-बार कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

अमृतसर (उप्पल) : सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम अमृतसर द्वारा शुक्रवार को क्रिस्टल चौक क्षेत्र में विशेष कार्रवाई की गई । निगम की प्रवर्तन टीम ने एक अवैध खोखा हटाने के साथ-साथ ईएनटी अस्पताल के बाहर सार्वजनिक स्थान पर किए गए अतिक्रमण को भी साफ करवाकर मौके पर रखा सामान एवं अन्य सामग्री जब्त कर ली गई।

कमिश्नर के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह अभियान नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल और अतिरिक्त नगर निगम कमिश्नर डॉ. जय इंदर सिंह के निर्देशों पर चलाया गया। सचिव/एस्टेट ऑफिसर सुशांत भाटिया और एस्टेट ऑफिसर धर्मिंदर जीत सिंह की निगरानी में प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के सहयोग से हटाया अतिक्रमण

इंस्पेक्टर प्रीति चौहान और उनकी टीम ने पुलिस के सहयोग से सड़क एवं फुटपाथ के अतिक्रमित हिस्सों को खाली करवाया। आम लोगों के आवागमन में बाधा बन रहे सामान को हटाकर निगम ने अपने कब्जे में ले लिया।

अतिक्रमण से यातायात व पैदल राहगीरों को परेशानी

निगम अधिकारियों ने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे के कारण पैदल राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। इससे यातायात प्रभावित होने के अलावा सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं।

बार-बार अतिक्रमण करने पर होगी सख्त कार्रवाई

निगम अधिकारीयों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा। दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और अन्य प्रतिष्ठानों से सार्वजनिक स्थानों को खाली रखने की अपील की गई है। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।