अमृतसर : महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रेड क्रॉस सोसायटी, अमृतसर की ओर से जागरूकता एवं सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह के दिशा-निर्देशों पर हुआ।
कार्यक्रम में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पल्लवी मिश्रा, आईएएस, ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि माहवारी महिलाओं के जीवन का प्राकृतिक हिस्सा है, इसलिए इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है। साफ-सुथरे सैनिटरी नैपकिन का इस्तेमाल महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
सहायक कमिश्नर प्रगति सेढ़ी ने बताया कि एनजीओ, जिला प्रशासन और रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से करीब 650 बड़े बॉक्स सैनिटरी नैपकिन जरूरतमंद एवं गरीब महिलाओं तक पहुंचाए जाएंगे।
रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव सैमसन मसीह ने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं तक सैनिटरी नैपकिन पहुंचाने का कार्य पूरी तत्परता से किया जाएगा।