अमृतसर (उप्पल) : भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए ‘भारत गौरव डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन’ पर आधारित विशेष ‘सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है। 11 दिनों की यह आध्यात्मिक रेल यात्रा मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों तथा धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराएगी।
ट्रेन 25 सितंबर 2026 को दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन के महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा। यात्रा की शुरुआत उज्जैन से होगी, जहां श्रद्धालु महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। इसके बाद खंडवा के माध्यम से नर्मदा नदी के तट पर स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की यात्रा कराई जाएगी।
इसके बाद ट्रेन गुजरात पहुंचेगी। द्वारका में श्रद्धालु प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर और रुक्मिणी देवी मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और बेट द्वारका का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा का अगला प्रमुख पड़ाव सोमनाथ होगा, जहां सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर के अलावा सोमनाथ बीच और भालका तीर्थ के दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रा के महाराष्ट्र चरण में पुणे के निकट स्थित भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग का दर्शन होगा। इसके बाद छत्रपति संभाजीनगर में एलोरा की विश्व प्रसिद्ध गुफाओं और कैलाश मंदिर के साथ घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग का भ्रमण कराया जाएगा। अंतिम धार्मिक पड़ाव नासिक होगा, जहां यात्री त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग और पंचवटी के दर्शन करेंगे। इसके बाद ट्रेन दिल्ली लौटेगी।
यात्रा को यात्रियों के आराम को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। लगातार ट्रेन में रात बिताने के बजाय कई स्थानों पर 3-स्टार होटलों में रात्रि ठहराव की व्यवस्था की गई है। भारत गौरव डीलक्स ट्रेन में AC I, AC II और AC III श्रेणी के आरामदायक केबिन, शाकाहारी भोजन परोसने वाले रेस्टोरेंट, सुरक्षा सुविधाएं और समर्पित टूर मैनेजर उपलब्ध रहेंगे।
IRCTC के अनुसार, पैकेज की शुरुआती कीमत ट्रिपल-शेयरिंग आधार पर प्रति व्यक्ति 88,810 रुपये है, जबकि AC I में सिंगल शेयरिंग की कीमत 1,34,255 रुपये तक है। भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत भारतीय रेलवे की करीब 33 प्रतिशत छूट पहले ही पैकेज में शामिल है।
पैकेज में ट्रेन यात्रा, 3-स्टार होटल में ठहराव, शाकाहारी भोजन, AC वाहनों से स्थानीय परिवहन व दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा और IRCTC टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं। यात्रा की बुकिंग IRCTC के पर्यटन पोर्टल तथा अधिकृत IRCTC पर्यटन कार्यालयों के माध्यम से की जा सकती है।