कमिश्नरेट पुलिस ने विदेश में बैठे तस्कर से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन, आईसीई ड्रग, अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरोह सीमा पार से नशे और हथियारों की सप्लाई कर रहा था। थाना एयरपोर्ट में मामला दर्ज कर नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच जारी है।

अमृतसर (उप्पल) : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित नशा और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 21.299 किलोग्राम हेरोइन, 970 ग्राम आईसीई, .30 बोर की अवैध पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

डीजीपी गौरव यादव के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन उर्फ डिश्का, जसपिंदर सिंह, सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख, अभिषेक सभरवाल उर्फ अभि और मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में था, जो सीमा पार से हेरोइन और हथियारों की तस्करी कराने में मदद करता था।

पुलिस ने पहले गगन और जसपिंदर को पिस्तौल व कारतूसों सहित पकड़ा। पूछताछ के बाद 1.01 किलो हेरोइन और 970 ग्राम आईसीई बरामद हुई। आगे की कार्रवाई में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर 20.2 किलो हेरोइन जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक सुखप्रीत पर पहले से एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। थाना एयरपोर्ट में केस दर्ज कर नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच जारी है।