अमृतसर (उप्पल) : स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के तहत जिला अमृतसर में मतदाताओं के घर-घर सत्यापन का काम पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि 25 जून से 3 अगस्त तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ ने सत्यापन अभियान चलाया।
जिले में अभियान की शुरुआत के समय 19,73,071 मतदाता पंजीकृत थे। सत्यापन के दौरान 17,30,320 गणना प्रपत्र प्राप्त हुए, जबकि 2,42,751 मतदाता अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत, दोहरी प्रविष्टि अथवा अन्य श्रेणियों में पाए गए।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त 2026 को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 13 अगस्त से 12 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
जिले में पोलिंग स्टेशनों के रैशनलाइजेशन का काम भी पूरा हो गया है। 106 नए पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जिससे कुल संख्या 2,134 से बढ़कर 2,240 हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक सुधार करवाने की अपील की।