अमृतसर (उप्पल) : शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और विभिन्न संवेदनशील इलाकों में विशेष CASO अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, धर्मशालाओं, सराय, पीजी और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन तलाशी ली। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर सत्यापन किया गया, जबकि वाहनों की भी जांच की गई।
डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह के नेतृत्व में एडीसीपी सिटी-2 सिरिवनेला, एसीपी नॉर्थ गगनदीप सिंह, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में जांच की। पार्किंग, यात्रियों और उनके सामान की बारीकी से तलाशी ली गई।
वहीं बस स्टैंड पर एडीसीपी सिटी-3 जसरूप कौर बाठ के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। शहरवासियों से संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत 112 पर देने की अपील की गई है।