बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ फिरोजपुर रेल मंडल की कार्रवाई ने जुलाई में नया आंकड़ा दर्ज किया। जांच अभियान के दौरान 34,410 यात्रियों से करीब ₹2.71 करोड़ का जुर्माना वसूला गया। वहीं स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वाले 137 यात्रियों पर भी कार्रवाई हुई और ₹53 हजार से अधिक जुर्माना लगाया गया। रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

अमृतसर (उप्पल) : फिरोजपुर रेलवे मंडल ने जुलाई 2026 में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर 34,410 यात्रियों को पकड़ा। इनसे जुर्माने के रूप में करीब 2.71 करोड़ रुपये का राजस्व वसूला गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि ट्रेनों में अनधिकृत यात्रा रोकने के लिए टिकट जांच अभियान लगातार जारी है। टिकट चेकिंग स्टाफ ने नियमित जांच के दौरान बड़ी संख्या में बिना टिकट एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की।

रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी विशेष जांच की गई। जुलाई माह में स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले 137 यात्रियों के खिलाफ एंटी लिटरिंग एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 53 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। रेलवे का उद्देश्य वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक सफर उपलब्ध कराना है। रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने, स्वच्छता बनाए रखने और किसी अज्ञात व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लेने की अपील की है।