लुधियाना : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) लुधियाना की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के 450 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. बीआर अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जालंधर के निदेशक प्रो. बिनोद कुमार कनौजिया, विशिष्ट अतिथि श्रीराम ग्लोबल स्कूल की निदेशक आंचल गर्ग तथा एबीवीपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रो. कनौजिया ने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंकों से नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुशासन, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व से निर्धारित होती है। सम्मानित विद्यार्थी विकसित भारत के भविष्य निर्माता हैं। आंचल गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता, शिक्षकों और उनके परिश्रम का अहम योगदान होता है।
आशीष चौहान ने कहा कि एबीवीपी छात्र हितों के लिए संघर्ष करने के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण के लिए भी कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
समारोह में प्रदेश संगठन मंत्री शमशेर सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री जसकरण सिंह भुल्लर, मनमीत सोहल, अमित गोयल, साकेत शर्मा, ओमसी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।