चंडीगढ़ में ट्राईसिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में सीमाओं पर संयुक्त नाके और 24 घंटे निगरानी का फैसला; होटल, गेस्ट हाउस, किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन तेज होगा, गैंगस्टर-आतंकी गतिविधियों पर पैनी नजर, रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग को मजबूत करने के निर्देश; संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच के साथ किसी भी खतरे से निपटने के लिए पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया।

चंडीगढ़ (अजीत झा) : आगामी स्वतंत्रता दिवस 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, रोपड़ और सोलन पुलिस ने संयुक्त सुरक्षा रणनीति तैयार की है। इसी सिलसिले में गुरुवार सुबह 11 बजे चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय, सेक्टर-9 स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में ट्राईसिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने की। बैठक में विभिन्न जिलों के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र राज्यों की सीमाओं पर संयुक्त इंटर-स्टेट बॉर्डर नाके स्थापित किए जाएंगे। इन नाकों पर चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीमें वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करेंगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

होटल, गेस्ट हाउस और किरायेदारों की होगी सघन जांच

बैठक में यह भी तय किया गया कि होटलों, सराय, गेस्ट हाउसों और लॉजों की नियमित जांच के साथ-साथ किरायेदारों एवं घरेलू नौकरों का सत्यापन अभियान तेज किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्यापन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग पर जोर

बैठक में विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। धरना-प्रदर्शन, रैलियों, आंदोलनों, संवेदनशील गतिविधियों, चोरी के वाहनों, उद्घोषित अपराधियों और अन्य आपराधिक तत्वों से संबंधित सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

गैंगस्टर और आतंकी गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर

बैठक में गैंगस्टर और आतंकवादी गतिविधियों को गंभीर सुरक्षा चुनौती मानते हुए उन पर लगातार निगरानी रखने और खुफिया सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान करने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने कहा कि समय रहते संयुक्त कार्रवाई कर किसी भी संभावित खतरे को विफल किया जाएगा।

नियमित होंगी इंटर-स्टेट समन्वय बैठकें

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन मीटिंग्स नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, अपराध नियंत्रण और विभिन्न पुलिस एजेंसियों के बीच समन्वय एवं सूचना साझा करने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सके।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एडीजीपी (सीआईडी विंग) सौरभ सिंह, एडीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) संजय कुमार, आईजीपी (इंटेलिजेंस) डॉ. सुखचैन सिंह गिल, पुलिस आयुक्त पंचकूला पंकज नैन, डीआईजी रोपड़ रेंज नानक सिंह, एसएसपी मोहाली हरमनदीप सिंह हंस, एसएसपी रोपड़ मनिंदर सिंह, डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह तथा एसपी सोलन तिरुमलाराजू एस.डी. वर्मा सहित चंडीगढ़ पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने सभी पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और त्वरित सूचना साझा करने के निर्देश दिए, ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ट्राईसिटी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।