चंडीगढ़ (अजीत झा.) : चंडीगढ़ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-56 निवासी एक युवक को 15.01 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय अश्वनी उर्फ आशु पुत्र मनोज कुमार, निवासी मकान नंबर 6595, सेक्टर-56, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
महिला एसएसपी कंवरदीप कौर, आईपीएस और एसपी सिटी के.एम. प्रियंका, आईपीएस के निर्देश पर एसडीपीओ साउथ/वेस्ट धीरज कुमार की निगरानी तथा सेक्टर-39 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पलसोरा पुलिस चौकी की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने सेक्टर-56 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15.01 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसे वह बिना किसी वैध अनुमति के अपने पास रखे हुए था। बरामदगी के आधार पर थाना सेक्टर-39 में एफआईआर नंबर 123, दिनांक 5 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी निजी नौकरी करता है और 12वीं तक शिक्षित है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह हेरोइन किससे खरीदकर लाया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी। मामले में सप्लाई चेन और अन्य संभावित तस्करों की भी जांच की जा रही है।
पहले भी दर्ज हैं दो नडीपीएस मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अश्वनी उर्फ आशु पहले भी नशा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) थाना सेक्टर-11 तथा क्राइम ब्रांच थाना, चंडीगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।