चंडीगढ़ : नेशनल ह्यूमन राइट्स एंड एंटी-करप्शन फोर्स , चंडीगढ़ की टीम ने गुरुवार को सेक्टर-17 स्थित होटल हयात सेंट्रिक के सामने पार्क में वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान का नेतृत्व संगठन के चंडीगढ़ अध्यक्ष कमलजीत सिंह पंछी ने किया, जिसमें संस्था के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
इस अवसर पर कमलजीत सिंह पंछी ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सबसे अनुकूल समय होता है, क्योंकि इस मौसम में पौधों को पर्याप्त नमी और अनुकूल वातावरण मिलता है। इससे पौधों के जीवित रहने और तेजी से विकसित होने की संभावना अधिक रहती है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह पौधारोपण को जनआंदोलन बनाए। वृक्ष न केवल वायु को शुद्ध करते हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, तापमान नियंत्रण और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
कमलजीत सिंह पंछी ने शहरवासियों, समाजसेवियों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से इस हरित अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो चंडीगढ़ को और अधिक हराभरा एवं स्वच्छ बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि एनएचआरएसीएफ भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े अभियानों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का कार्य जारी रखेगी।