जीरकपुर : डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने गुरुवार को गांव बहादरगढ़ में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान 'मेरा घर मेरे नाम' योजना के तहत ग्रामीणों को मालिकाना हक प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने गांव में करीब 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गली की दीवार के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया।
रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों को उनके वैध अधिकार उपलब्ध कराने और गांवों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मालिकाना हक प्रमाण पत्र मिलने से लोगों को अपनी संपत्ति का कानूनी स्वामित्व प्राप्त हुआ है, जिससे भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
इस अवसर पर गांव की सरपंच मनजीत कौर, ब्लॉक समिति सदस्य बलजीत कौर, संगठन प्रभारी गुरसेवक सिंह, यूथ कोऑर्डिनेटर गगनदीप सिंह, ब्लॉक प्रधान, पार्टी पदाधिकारी, ग्रामीण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।