चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ ने आज प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम, सेक्टर-17 से गवर्नर हाउस तक पैदल मार्च निकाला। यह मार्च भाजपा पर ₹227 करोड़ सहित 16 टेबल एजेंडा बिना पर्याप्त चर्चा, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन किए पारित कराने के आरोपों के विरोध में आयोजित किया गया।
मार्च के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि चंडीगढ़ की जनता के टैक्स के पैसे से जुड़े करोड़ों रुपये के फैसले नियमों की अनदेखी कर लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और नगर निगम की पारदर्शी कार्यप्रणाली को कमजोर किया जा रहा है।
नगर निगम कार्यालय, सेक्टर-17 से गवर्नर हाउस की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने भारी पुलिस बल तैनात किया और बैरिकेड लगाए। प्रदर्शन के दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। इसके बाद कुछ पार्टी पार्षदों को डीसी कार्यालय ले जाया गया। बाद में गवर्नर हाउस राउंड अबाउट पर भी पार्टी नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।
राज्यपाल की अनुपस्थिति में आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि ₹227 करोड़ के टेबल एजेंडा सहित सभी 16 प्रस्तावों को बिना पर्याप्त चर्चा पारित किए जाने के पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह, कोर कमेटी अध्यक्ष प्रेम गर्ग, महासचिव ओंकार सिंह औलख, मुख्य प्रवक्ता योगेश ढींगरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पार्षद हरदीप सिंह बुटेरला, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार, पार्षद अंजू कटयाल, जसविंदर कौर, जसवीर सिंह लाडी, G.D घई ( खजांची), विनीत वर्मा (ऑब्जर्वर), स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए. तंवर, विशाल, साक्षी बंसल, रवि मणि, गुरुदेव, ओमप्रकाश तिवारी, सुनील, शादाब राठी, पार्टी प्रवक्ता अजीत, ललित, महिला विंग की वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरप्रीत कौर, शोभा, ज्योति, ज्योति मनचंदा, गीता देवी, रिंकी बहुधारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता के करोड़ों रुपए से जुड़े निर्णय बिना पर्याप्त चर्चा और पारदर्शिता के नहीं लिए जा सकते। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि पूरे मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी चंडीगढ़ की जनता के साथ मिलकर अपना आंदोलन और तेज करेगी, पूरे प्रकरण की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जन आंदोलन करेगी।