वीरवार सुबह ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रही महिला को नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि लुटेरों ने करीब 500 मीटर तक महिला की रेकी की और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर 2 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

श्री माछीवाड़ा साहिब : श्री माछीवाड़ा साहिब में वीरवार सुबह ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रही एक महिला को नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने अपना शिकार बनाया। लुटेरों ने पहले महिला की रेकी करते हुए पीछा किया और फिर 2 तोले की सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिल दहला देने वाला मंजर कैद हुआ है।

फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश करीब 500 मीटर तक लगातार महिला का पीछा करते हैं। वे सुनसान सड़क और बाजार बंद होने का फायदा उठाते हैं। जैसे ही महिला गुरुद्वारा साहिब के करीब पहुंचती है, बाइक से एक बदमाश नीचे उतरता है और महिला का पीछा कर पीछे से आकर अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारता है।

फुटेज में यह भी स्पष्ट दिख रहा है कि चेन छिनने के बाद महिला घबराती नहीं है, बल्कि शोर मचाते हुए बदमाशों के पीछे दौड़ती है, लेकिन लुटेरे बाइक पर बैठकर तेजी से रफूचक्कर हो जाते हैं।