धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर चुनाव सुधार व्यवस्था के पक्ष में आवाज बुलंद की। सेक्टर-1 स्थित जैनेन्द्र गुरुकुल में आयोजित समर्थन सभा के बाद समर्थकों ने पदयात्रा निकालकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपे। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि जिले में हस्ताक्षर अभियान के दौरान 25 से 30 हजार लोगों ने इस पहल का समर्थन किया।

पंचकूला (कपिल नागपाल) : पंचकूला जिले की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं और पंचायतों के प्रतिनिधियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम 250 से अधिक ज्ञापन उपायुक्त सतपाल शर्मा को सौंपे। इससे पहले सेक्टर-1 स्थित जैनेन्द्र गुरुकुल के आत्म सभागार में समर्थन सभा आयोजित की गई।

सभा में कश्मीरी पंडित एसोसिएशन, शिव कांवड़ सेवा समिति, पंचकूला बार एसोसिएशन, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन, श्री श्याम सेवा ट्रस्ट, डॉक्टर्स एसोसिएशन और गढ़वाली सभा सहित अनेक संस्थाओं, पंचायतों, किसान नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के बाद समर्थक पदयात्रा करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे और समर्थन में नारे लगाए।

भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश जरावता ने कहा कि केंद्र सरकार इस व्यवस्था को देशभर में लागू करने के लिए संकल्पित है। प्रदेश संयोजक एडवोकेट विजय पाल ने बताया कि जिले में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दौरान करीब 25 से 30 हजार लोगों ने समर्थन दिया।

भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि कार्यकर्ता कई महीनों से जनजागरूकता और हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं। उन्होंने जिला संयोजक आशीष गुलेरिया और उनकी टीम के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में शक्ति रानी शर्मा, ज्ञान चंद गुप्ता, श्याम लाल बंसल, लतिका शर्मा और अन्य नेता उपस्थित रहे।