नई दिल्ली (Naren Danu) : भारत में नेटफ्लिक्स के सफर के 10 वर्ष पूरे होने के मौके पर कंपनी के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी (को-सीईओ) टेड सारंडोस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच भारत के तेजी से बढ़ते मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग, कंटेंट निर्माण और वैश्विक स्तर पर भारतीय कहानियों की पहुंच बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कहा कि टेड सारंडोस से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने कहा कि भारत में कहानी कहने की सदियों पुरानी परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा की अपार क्षमता मौजूद है, जिसका उपयोग देश को वैश्विक कंटेंट निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने में किया जा सकता है।
'भारत में क्रिएटिव टैलेंट की कोई कमी नहीं'
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है। देश में मौजूद विविध संस्कृति, भाषाएं और कहानियां दुनिया के दर्शकों तक पहुंचने की क्षमता रखती हैं। उन्होंने इस क्षेत्र में नए अवसरों और संभावनाओं को लेकर भी चर्चा की।
नेटफ्लिक्स ने शुरू की नई पहल
नेटफ्लिक्स इंडिया ने भारत में अपने 10 साल पूरे होने के अवसर पर 'स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव' की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य भारतीय रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और नए अवसर उपलब्ध कराना है।
कंपनी के अनुसार, इस पहल के तहत भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (IICT) और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) के साथ मिलकर स्किलिंग और एजुकेशन प्रोग्राम चलाए जाएंगे, जिससे देश के युवा फिल्म निर्माण और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
भारत को ग्लोबल एंटरटेनमेंट हब बनाने पर जोर
नेटफ्लिक्स इंडिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और टेड सारंडोस की मुलाकात भारत की मनोरंजन क्षमता को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के साझा विजन को दर्शाती है। कंपनी का मानना है कि भारतीय कहानियों में अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को आकर्षित करने की बड़ी क्षमता है।