नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान गौतम कुमार नामक आरोपी को दबोचा। तलाशी में उसके पास से आइस ड्रग बरामद होने का दावा किया गया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत से दो दिन का रिमांड लिया गया। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क और नशे की खेप के स्रोत की जांच कर रही है।

जीरकपुर : जीरकपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली बार आइस ड्रग की खेप बरामद की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में आइस ड्रग बरामद करने का दावा किया है। बरामद नशीले पदार्थ की बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

थाना प्रभारी ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान हवलदार गुरफतेह सिंह ने शक के आधार पर एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से आइस ड्रग बरामद हुई। आरोपित की पहचान गौतम कुमार पुत्र जगदीश सिंह, निवासी पीरबाध बागरा, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और जीरकपुर या आसपास के किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस आरोपित के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।