पंचकूला (कपिल नागपाल) : पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह ने मंगलवार को डीसीपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशन में किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने शाखाओं में रखे इलेक्ट्रॉनिक और कागजी रिकॉर्ड, दस्तावेजों के रखरखाव, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली तथा लंबित कार्यालयी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शाखा प्रभारियों को सभी रिकॉर्ड समय पर अपडेट रखने और कार्यों का निर्धारित अवधि में निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीसीपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से काम के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी भी ली तथा उनके समाधान पर चर्चा की। पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता का भी जायजा लिया गया।
इस दौरान कार्यालय में आने वाले नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उन्हें बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। डीसीपी अदिति सिंह ने कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचें और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी तथा जवाबदेही के साथ निर्वहन करें।