भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पीएम नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद लिया। बैठक में सुशासन, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास और युवाओं की भागीदारी जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। चुग ने कहा कि सरकार की योजनाओं से रोजगार के अवसर बढ़े हैं और भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नई दिल्ली/अमृतसर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुलाकात के दौरान विकसित भारत के संकल्प, सुशासन, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनसेवा, संसदीय गरिमा और युवाओं से निरंतर संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत रोजगार सृजन, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। उनके अनुसार पिछले एक दशक में करीब 17 करोड़ नए रोजगार सृजित हुए हैं, बेरोजगारी दर घटकर लगभग 3 प्रतिशत रह गई है और 101 करोड़ से अधिक नागरिक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, पीएम मुद्रा योजना, पीएलआई और विकसित भारत रोजगार योजना जैसी पहल युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं।

खेलों के क्षेत्र का उल्लेख करते हुए चुग ने कहा कि खेलो इंडिया, फिट इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) और अन्य योजनाओं के कारण भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र साकार होगा और देश वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।