लुधियाना (नवीन गोगना) : थाना सदर लुधियाना पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत कुमार पुत्र प्रकाश महतो, राजीव कुमार पुत्र विनोद महतो, अताउल शेख पुत्र मंसूर शेख और उमेश कुमार पुत्र ईश्वर नारायण महतो के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को थाना सदर लुधियाना की पुलिस पार्टी को सूचना मिली थी कि उक्त चारों आरोपी मोबाइल फोन चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते हैं। सूचना के मुताबिक आरोपी डी-मार्ट, गांव संगोवाल, लुधियाना के पीछे बनी कॉलोनी में स्थित एक खाली मकान में चोरी व लूटपाट के मोबाइल फोन बेचने की फिराक में बैठे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना सदर लुधियाना में मुकदमा नंबर 208, दिनांक 04-08-2026, धारा 303(2), 304 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पुनीत कुमार मूल रूप से वार्ड नंबर 05, गांव विष्णुपुराधार, थाना कनौली, जिला सीतामढ़ी, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में कामाख्या चौक, लुधियाना में रह रहा था। राजीव कुमार मूल निवासी वार्ड नंबर 08, गांव महेशर, पोस्ट ऑफिस भुतही, थाना सोनबरसा, जिला सीतामढ़ी, बिहार है और कामाख्या चौक, लुधियाना में किराये पर रह रहा था। अताउल शेख वार्ड नंबर 07, गांव विष्णुपुर आपार, पोस्ट ऑफिस अररिया, थाना कनौली, जिला सीतामढ़ी, बिहार तथा उमेश कुमार वार्ड नंबर 02, गांव इनरवा, पोस्ट ऑफिस अररिया, थाना कनौली, जिला सीतामढ़ी, बिहार का रहने वाला है।
पुलिस कमिश्नर लुधियाना स्वप्न शर्मा, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर डिप्टी कमिश्नर पुलिस देहाती जसकरनजीत सिंह, पीपीएस, डिप्टी कमिश्नर पुलिस जोन-2 करणवीर सिंह और सहायक कमिश्नर पुलिस दक्षिणी अंग्रेज सिंह, पीपीएस की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।
इंस्पेक्टर जगदेव सिंह, थाना प्रभारी सदर लुधियाना तथा चौकी मराडो के इंचार्ज एएसआई तरसेम सिंह की पुलिस टीम ने सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।