कमीशन ने 2026-27 का कार्य एजेंडा जारी करते हुए वायु प्रदूषण नियंत्रण, भूजल संरक्षण, बाढ़ प्रबंधन, वर्षा जल संचयन और सतत विकास को प्राथमिकता बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष रितिक अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में स्वयंसेवकों और विशेषज्ञों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जो प्राकृतिक आपदाओं के समय प्रशासन और समाज के साथ मिलकर राहत व संरक्षण कार्यों में सहयोग करेगा।

चंडीगढ़ : एनवायरमेंट एंड सोशल जस्टिस कमीशन ऑफ इंडिया ने बुधवार को चंडीगढ़ में अपने पंजाब चैप्टर की घोषणा कर दी। इसके साथ ही कमीशन ने वर्ष 2026-27 का कार्य एजेंडा भी जारी कर दिया। इस अवसर पर कमीशन ने पंजाब को स्वच्छ, स्वस्थ और जलवायु-अनुकूल राज्य बनाने के लिए पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय को साथ लेकर चलने की प्रतिबद्धता दोहराई।कमीशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनिल अरोड़ा ने पंजाब चैप्टर के चेयरमैन मनीष महाजन और फतेहगढ़ साहिब के जिला ऑर्डिनेटर शुभ गोयल को शपथ दिलाई।इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी गजेंद्र फोगाट की मौजूदगी विशेष रूप से थी। पंजाब भाजपा की सचिव एकता नागपाल ने भी अपनी मौजूदगी और संबोधन से कमीशन को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय के उद्देश्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्र गीत से किया गया।
कमीशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋतिक अरोड़ा ने शुभारंभ करते हुए कमीशन के लक्ष्यों के बारे में कहा कि बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं, विशेषकर बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए राज्यभर में मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कमीशन से जुड़े स्वयंसेवक और विशेषज्ञ हर प्रकार की प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासन और समाज के साथ मिलकर राहत एवं संरक्षण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण भी कमीशन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए विशेषज्ञों और स्थानीय टीमों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी सुझाव और पहल की जाएगी।

कमीशन ने अपने 2026-27 एजेंडा में वायु प्रदूषण में कमी, भूजल संरक्षण, बाढ़ नियंत्रण, वर्षा जल संचयन, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से सामाजिक न्याय को मजबूत करने को प्रमुख लक्ष्य बताया।कार्यक्रम के दौरान पंजाब चैप्टर के नव-नियुक्त पदाधिकारियों का परिचय भी कराया गया। कमीशन ने कहा कि उसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय को साथ लेकर वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए टिकाऊ विकास सुनिश्चित करना है।

रितिक अरोड़ा ने कहा कि कमीशन पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित है।वृक्षारोपण और जल संरक्षण पर विशेष फोकस है।