जीरकपुर : जीरकपुर के भबात क्षेत्र से एयरपोर्ट रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर शंकर सिटी और नूर सिटी के पीछे अवैध रूप से विकसित किए जा रहे कथित फार्म हाउस प्रोजेक्ट पर नगर परिषद ने बड़ी कार्रवाई की। एडीसी मोहाली को मिली शिकायत के बाद नगर परिषद की इंफोर्समेंट टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन फार्म हाउस की चारदीवारी ध्वस्त कर दी। साथ ही प्रोजेक्ट तक पहुंचने के लिए बनाए गए रास्ते को भी जेसीबी मशीन से गहरा खोद दिया गया, ताकि भविष्य में इसका उपयोग न हो सके।
जानकारी के अनुसार संबंधित क्षेत्र में फार्म हाउस के नाम पर जमीन बेचने के लिए बड़े स्तर पर विज्ञापन किए जा रहे थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि बिना किसी वैधानिक मंजूरी के जमीन की प्लॉटिंग कर खरीदारों को आकर्षित किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद एडीसी मोहाली ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
निर्देशों के बाद नगर परिषद जीरकपुर के बिल्डिंग इंस्पेक्टर अजय बराड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि संबंधित परियोजना के लिए नगर परिषद से कोई स्वीकृति या भवन नक्शा मंजूर नहीं कराया गया था। इसके बाद टीम ने अवैध निर्माणाधीन चारदीवारी को गिरा दिया और फार्म हाउस तक जाने वाले रास्ते को भी जेसीबी से खोदकर बंद कर दिया।
बिल्डिंग इंस्पेक्टर अजय बराड़ ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों, फार्म हाउस, व्यावसायिक भवनों या अन्य अनधिकृत निर्माण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर परिषद की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण और प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रॉपर्टी में निवेश करने से पहले उसकी कानूनी स्थिति और संबंधित विभागों से मिली मंजूरियों की पूरी जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों से बचा जा सके।