चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित हो रहे ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहात क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि खेप पाकिस्तान सीमा से पंजाब पहुंचाई गई थी और इसे राज्य सहित अन्य हिस्सों में सप्लाई किया जाना था।
खुफिया सूचना पर बिछाया जाल
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया सूचना मिलने के बाद अमृतसर देहात पुलिस ने थाना घरिंडा क्षेत्र में विशेष ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 10 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
सीमा पार नेटवर्क से जुड़े तार
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद हेरोइन की खेप कथित तौर पर सीमा पार से भेजी गई थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के लिए काम कर रहे थे और पंजाब को ट्रांजिट रूट बनाकर अन्य राज्यों तक नशे की सप्लाई की योजना थी।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में थाना घरिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, विदेशी हैंडलरों और सप्लाई चेन के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ दो तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।