जीरकपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीरकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 115 ग्राम कमर्शियल मात्रा की आइस (मेथामफेटामाइन) ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
एसएसपी एसएएस नगर (मोहाली) हरमनदीप हांस (आईपीएस) के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएसपी जीरकपुर गजलप्रीत कौर (आईपीएस) की निगरानी तथा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 200 फुट रोड के निकट नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की।
पुलिस ने गौतम कुमार (34) निवासी गांव पीरबाद वाघरा, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 115 ग्राम आइस ड्रग बरामद की। बरामदगी के आधार पर थाना जीरकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान ड्रग तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार के 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और जिले में किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।