नई दिल्ली (Naren Danu) : रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए डाक विभाग ने राखियों की समय पर और सुरक्षित डिलीवरी के लिए विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। दिल्ली से देश के विभिन्न हिस्सों में राखियां भेजने के लिए 22 अगस्त तक राजधानी के प्रमुख डाकघरों और रेलवे स्टेशनों पर अलग से बुकिंग काउंटर संचालित किए जाएंगे।
संचार मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली के 34 बड़े डाकघरों के अलावा दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित ट्रांजिट मेल कार्यालयों में राखी बुकिंग की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने लोगों से समय रहते राखी भेजने की अपील की है, ताकि त्योहार के दौरान वितरण व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
स्पीड पोस्ट से मिलेगी तेज डिलीवरी
डाक विभाग ने ग्राहकों को 24 स्पीड पोस्ट और 48 स्पीड पोस्ट सेवाओं का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक, इन सेवाओं के माध्यम से राखियां सुरक्षित तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर पहुंचाई जाएंगी। तय समय पर डिलीवरी नहीं होने की स्थिति में मनी बैक गारंटी का प्रावधान भी है।
छह बड़े शहरों तक 24 स्पीड पोस्ट सुविधा
24 स्पीड पोस्ट सेवा दिल्ली के 35 चयनित बुकिंग केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी। इसके जरिए दिल्ली से मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद समेत देश के प्रमुख महानगरों में राखियां तेजी से भेजी जा सकेंगी।
इन डाकघरों में होगी विशेष व्यवस्था
राखी बुकिंग की सुविधा दिल्ली जीपीओ, नई दिल्ली जीपीओ, अशोक विहार, सिविल लाइंस, चाणक्यपुरी, इंद्रप्रस्थ, जनकपुरी, करोल बाग, कालकाजी, लोधी रोड, सरोजिनी नगर, आरके पुरम, रोहिणी, मालवीय नगर, मेहरौली सहित 34 प्रमुख डाकघरों में उपलब्ध होगी।
डाक विभाग ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर समय पर राखी पहुंचाना प्राथमिकता है। विशेष काउंटरों के माध्यम से लोगों को भीड़ से राहत मिलेगी और त्योहार से पहले डाक सेवाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।