श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व को समर्पित भाजपा अभियान के तहत वाराणसी स्थित जन्मस्थल से लाई गई पवित्र मिट्टी मंगलवार को गांव महमदपुर के गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धापूर्वक स्थापित की गई। अरदास के बाद संगत को इसके धार्मिक महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, गुरुद्वारा प्रबंधकों और रविदासिया समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

डेराबस्सी : श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को काशी से लाई गई पवित्र मिट्टी गांव महमदपुर स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धापूर्वक स्थापित की गई। इस दौरान अरदास के बाद संगत को पवित्र मिट्टी के धार्मिक महत्व की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह बन्नी संधू, मंडल अध्यक्ष पवन धीमान (पम्मा) सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य, रविदासिया समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।

इस अवसर पर मनप्रीत सिंह बन्नी संधू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संतों, गुरुओं और समाज सुधारकों की विरासत को संरक्षित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जिसे जन-जन तक पहुंचाना इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि काशी स्थित गुरु रविदास जी के जन्मस्थल से लाई गई पवित्र मिट्टी को पंजाब के विभिन्न मंडलों में धार्मिक स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु अपने गुरु के जन्मस्थान से आध्यात्मिक रूप से जुड़ सकें।

मंडल अध्यक्ष पवन धीमान ने कहा कि यह पहल सामाजिक समरसता और धार्मिक सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और सद्भाव का मार्ग दिखाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान संगत और ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आस्था और सम्मान से जुड़ा कदम बताया।