जीरकपुर में मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित आर-4 सड़क और वीआईपी रोड क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। इंफोर्समेंट टीम ने मंगलवार को सड़क के निर्धारित मार्ग में बन रही दुकान को गिरा दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य की यातायात व्यवस्था में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध कब्जे और निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।

जीरकपुर : शहर के मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित आर-4 सड़क और वीआईपी रोड क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को नगर परिषद की इंफोर्समेंट टीम ने आर-4 सड़क के निर्धारित मार्ग में बन रही एक अवैध दुकान को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्य भी तुरंत रुकवा दिया गया।

नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) परमिंदर सिंह भट्टी के निर्देश पर बिल्डिंग इंस्पेक्टर अजय बराड़ के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि आर-4 सड़क शहर की भविष्य की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है और इसके मार्ग में किसी भी तरह का अतिक्रमण या अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बिल्डिंग इंस्पेक्टर अजय बराड़ ने बताया कि आर-4 सड़क की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माणों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क के निर्धारित क्षेत्र में निर्माण करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि आर-4 सड़क के दायरे में आने वाली अन्य दुकानों और निर्माणों को भी नगर परिषद की ओर से नोटिस जारी किए जा चुके हैं। संबंधित पक्षों को नियमानुसार जवाब देने और स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया गया है। तय समय सीमा के भीतर नियमों का पालन नहीं करने पर नगर परिषद कानून के अनुसार अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई करेगी।

नगर परिषद अधिकारियों ने कहा कि शहर के मास्टर प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने और भविष्य की ट्रैफिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आर-4 सड़क परियोजना को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से सड़क के मार्ग में आने वाले सभी अवैध कब्जों और निर्माणों को हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।