जीरकपुर : कई दिनों से जारी म्युनिसिपल काउंसिल जीरकपुर के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। पंजाब सरकार द्वारा कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार किए जाने के बाद यूनियन और प्रशासन के बीच सहमति बन गई। हड़ताल समाप्त होने की घोषणा नगर परिषद अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह विर्क ने की।
हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। मुख्य सड़कों, बाजारों, रिहायशी कॉलोनियों और खाली प्लॉटों में कूड़े के ढेर लग गए थे। जगह-जगह फैली गंदगी और बदबू से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहरवासी लगातार हड़ताल समाप्त कर सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे थे।
नगर परिषद अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह विर्क ने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं को देखते हुए कर्मचारियों की मांगों को पंजाब सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया। सकारात्मक बातचीत के बाद समाधान निकलने से हड़ताल समाप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार से विशेष सफाई अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके तहत पहले मुख्य मार्गों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों से कचरा उठाया जाएगा। इसके बाद सभी वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था बहाल की जाएगी।
सफाई सेवक यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप सूद ने पंजाब सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए सकारात्मक फैसला लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार अपने वादों को तय समय में पूरा करेगी, ताकि भविष्य में कर्मचारियों को आंदोलन का सहारा न लेना पड़े।
हड़ताल समाप्त होने की सूचना से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में पूरे शहर से कूड़े के ढेर हट जाएंगे और सफाई व्यवस्था फिर से सामान्य हो जाएगी।