लालडू : डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालड़ू में अब 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पंजाब विधानसभा के चल रहे सत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा उठाए गए प्रश्न के जवाब में इसकी घोषणा की।
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने विधानसभा में कहा कि सीएचसी लालड़ू में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं होने के बावजूद डॉक्टरों की कमी के कारण अस्पताल में दोपहर तीन बजे के बाद स्वास्थ्य सेवाएं बंद हो जाती थीं। इससे लालड़ू, हंडेसरा के 17 वार्डों, 50 से अधिक गांवों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आपातकालीन उपचार के लिए डेराबस्सी, अंबाला और चंडीगढ़ का रुख करना पड़ता था।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि सीएचसी लालड़ू में 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। मरीजों को चौबीसों घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल अधिकारियों के स्वीकृत पद दो से बढ़ाकर चार किए जाएंगे। इसके अलावा मेडिसिन और स्त्री रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे भविष्य में सीजेरियन प्रसव सहित अन्य विशेषज्ञ सेवाएं भी अस्पताल में उपलब्ध हो सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक 24 घंटे संचालित स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। इस योजना के तहत प्रदेश में 117 ऐसे केंद्र स्थापित किए जाने हैं, जिनमें से 10 पहले ही शुरू हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अगले दो सप्ताह में 700 से अधिक नर्सों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही पंजाब के 23 में से 20 जिलों में इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) भी स्थापित की जा चुकी हैं।
विधानसभा में घोषणा के बाद विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का आभार जताते हुए कहा कि करीब 30 वर्ष पुराने सीएचसी लालड़ू में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होना क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।