जगरांव : पंजाब की सियासत में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी राजनीतिक हलचल के बीच समाज सेवी और पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर प्रेम सिंह भंगाू ने हलका जगरांव में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। हाल ही में उन्होंने जगरांव की प्रसिद्ध स्कूटर बाजार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ एक विशेष बैठक की, जिसमें क्षेत्र के विकास, व्यापारियों की समस्याओं और आगामी चुनावों की रणनीतियों पर गंभीर मंथन किया गया।
बैठक के दौरान प्रेम सिंह भंगाू ने कहा कि जगरांव हलके के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। व्यापारिक वर्ग को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि व्यापारियों को पेश आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।
अपनी कार्यशैली और अनुभव का जिक्र करते हुए भंगाू ने कहा कि उनकी पुलिस सेवा का एक बड़ा हिस्सा जगरांव हलके में ही बीता है, जिसके चलते वह यहां के लोगों की मूल समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि लंबे पुलिस कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराधियों और खासकर नशा तस्करों के तौर- तारीको को बहुत करीब से देखा है, इसलिए वे जगरांव से नशे के कोढ़ को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर स्कूटर बाजार एसोसिएशन के प्रधान जगतार सिंह चावला, जसवीर सिंह गालिब, प्रदीप सिंह (एस.पी.), राकेश कुमार बागरी, कोमल सिंह सग्गू, जतिंदर कल्याण, जगतार सिंह तारी, मदन सिंह, सतनाम सिंह कमां, कुलवीर सिंह, मोहित कुमार मुनीम, रमन सिंह, सरबजीत सिंह और बिट्टू कलसी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एसोसिएशन के सदस्यों ने प्रेम सिंह भंगाू का जोरदार स्वागत किया और अपने कारोबार तथा स्थानीय मुद्दों पर खुलकर विचार-विमर्श किया। बैठक के अंत में आपसी सहयोग बढ़ाने और जगरांव की तरक्की के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया।