केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर पहुंचे डिब्रूगढ़, शिवसागर, मोन और केयी पन्योर जिलों में बाढ़ व फ्लैश फ्लड से प्रभावित इलाकों का करेंगे निरीक्षण। प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और राज्य सरकारों के साथ राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे।

डिब्रूगढ़ (असम) (Naren Danu) : पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से बने हालात के बीच केंद्र सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा तेज कर दी है। इसी कड़ी में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे। अपने दौरे के दौरान वह असम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी निरीक्षण करेंगे।

डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री नड्डा ने स्थानीय अधिकारियों से प्रारंभिक जानकारी ली। मंगलवार रात उनका ठहराव डिब्रूगढ़ में रहेगा। बुधवार सुबह से उनका दौरा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शुरू होगा।

शिवसागर में दिखेगा बाढ़ का असर, पीड़ितों से सीधे संवाद करेंगे नड्डा

दौरे के पहले चरण में नड्डा असम के शिवसागर जिले पहुंचेंगे, जहां हाल के दिनों में बाढ़ ने बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाया है। केंद्रीय मंत्री प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे। इस दौरान वह राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मुलाकात करेंगे और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करेंगे।

वह बाढ़ से खराब हुई फसलों, क्षतिग्रस्त मकानों और प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत कार्यों की जानकारी भी लेंगे।

नगालैंड के मोन में राहत अभियान की करेंगे समीक्षा

असम के बाद केंद्रीय मंत्री नगालैंड के मोन जिले का रुख करेंगे। यहां वह बाढ़ प्रभावित गांवों और राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे। डिफेंस कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों में चल रहे राहत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे।

असम सरकार के साथ होगी उच्चस्तरीय बैठक

दौरे के दौरान नड्डा डिब्रूगढ़ लौटकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत सामग्री की उपलब्धता, प्रभावित लोगों के पुनर्वास और भविष्य की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है।

अरुणाचल में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

दौरे के अंतिम दिन 6 अगस्त को नड्डा अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले के याजाली जाएंगे। यहां वह फ्लैश फ्लड और बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लेंगे।

केंद्रीय मंत्री क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और राहत शिविरों का निरीक्षण करने के साथ प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद इटानगर में अरुणाचल प्रदेश सरकार के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

आपदा प्रबंधन और राहत व्यवस्था पर रहेगा फोकस

तीन राज्यों के इस दौरे में केंद्रीय मंत्री का मुख्य फोकस प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने, नुकसान का आकलन करने और राज्य सरकारों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तैयार करने पर रहेगा। दौरा समाप्त करने के बाद नड्डा 6 अगस्त को गुवाहाटी होते हुए नई दिल्ली लौटेंगे।