कलायत (रवि जैस्ट) : शिक्षा भारती विद्या निकेतन स्कूल, कलायत के शिक्षक मनदीप सिंह ने महाराष्ट्र स्थित प्रतिष्ठित ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), कांपटी से दो महीने का कठिन सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत वे विद्यालय में बतौर एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर नियुक्त हुए हैं। इस गौरवमयी उपलब्धि पर विद्यालय प्रांगण में एक विशेष अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय चेयरमैन श्री कुलदीप बिढान एवं प्रधानाचार्य श्री जितेंद्र बिढान ने मनदीप सिंह का स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चेयरमैन कुलदीप बिढान ने कहा मनदीप सिंह द्वारा ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर बनना पूरे संस्थान के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों में अनुशासन, देशभक्ति और सैन्य सेवा के प्रति रुझान को और मजबूत करेगी। प्रधानाचार्य जितेंद्र बिढान ने मनदीप सिंह को बधाई देते हुए कहा कि ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी से कठोर प्रशिक्षण पूर्ण करना समर्पण और निष्ठा का प्रतीक है। उनके अनुभव से विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स को उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ सदस्यों असिस्टेंट ललित शर्मा, मोनिका नैन व अन्य स्टाफ सदस्यों ने नव-नियुक्त एएनओ मनदीप सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवनियुक्त एएनओ मनदीप सिंह ने ओटीए कांपटी में बिताए दो महीनों के अपने अनुभवों और विचारों को साझा करते हुए एकेडमी की कठोर दिनचर्या और प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सुबह की शुरुआत से लेकर देर रात तक चलने वाले इस कठोर सैन्य प्रशिक्षण में हमें वेपन ट्रेनिंग, मैप रीडिंग, सैन्य ड्रिल, फिजिकल फिटनेस, डिजास्टर मैनेजमेंट और लीडरशिप जैसे विभिन्न विषयों का गहन अभ्यास कराया गया।
मनदीप सिंह ने प्रबंधन कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस नई जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा के साथ निभाएंगे और विद्यार्थियों को देशसेवा एवं चरित्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।