ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय खिलाड़ियों का दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा, जिसमें हरियाणा के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। प्रदेश के 11 खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए, जबकि मुक्केबाजों ने 7 स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा की खेल शक्ति साबित की।

चंडीगढ़ (Naren Danu) : ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों का स्वदेश लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टर्मिनल-3) पर पदक विजेता खिलाड़ियों के पहुंचते ही खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया।

भारत ने इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में अपनी खेल ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक अपने नाम किए। इसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में हरियाणा के खिलाड़ियों की भूमिका बेहद अहम रही।

हरियाणा ने जीते 7 गोल्ड

हरियाणा के कुल 11 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया। भारत के 13 स्वर्ण पदकों में से अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने 7 स्वर्ण पदक हासिल किए। खास बात यह रही कि सभी सातों गोल्ड मेडल मुक्केबाजी स्पर्धा में आए।

खेल मंत्री ने किया खिलाड़ियों का सम्मान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम खिलाड़ियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने पदक विजेताओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

गौरव गौतम ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

7 अगस्त को सीएम करेंगे सम्मान

राज्य मंत्री ने बताया कि 7 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ में सभी पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान हरियाणा की खेल नीति के अनुसार खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है और प्रदेश सरकार भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखेगी।