खन्ना : खन्ना की उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) स्वाति तिवाना ने सोमवार को अपने कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की देखरेख, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हाईवे की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान एसडीएम ने एनएचएआई अधिकारियों को हाईवे के दोनों ओर बनी नालियों की तत्काल सफाई कराने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर उन्हें ढकने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या न हो और पानी की निकासी सुचारु बनी रहे। इसके साथ ही मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने को कहा, जिससे सड़क हादसों की आशंका कम हो सके।
स्वाति तिवाना ने हाईवे पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक करने, खुली बिजली की तारों को सुरक्षित ढंग से ढकने तथा बिजली के पोलों पर लगे बोर्डों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप कवर करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा। बैठक में हाईवे की सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।