फगवाड़ा (शिव कौड़ा) : स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसआईए) फगवाड़ा की ओर से उद्योगपतियों एवं समाजसेवियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश जैन के नेतृत्व में श्री विश्वकर्मा चैरिटेबल अस्पताल ट्रस्ट, फगवाड़ा के प्रधान प्रदीप धीमान को स्वास्थ्य सेवाओं और मानवता की सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रदीप धीमान ने एसआईए का आभार व्यक्त करते हुए विश्वकर्मा मंदिर और चैरिटेबल अस्पताल की कार्यप्रणाली तथा जनसेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल लंबे समय से गरीब, जरूरतमंद और पिछड़े वर्ग के मरीजों को रियायती दरों पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक मशीनरी, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और भविष्य की विकास योजनाओं की भी जानकारी साझा की।
एसआईए अध्यक्ष रजनीश जैन ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी प्रत्येक उद्योगपति का कर्तव्य है। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा एवं समाजसेवी गतिविधियों के लिए हरसंभव आर्थिक, नैतिक और संस्थागत सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक में पूर्व अध्यक्ष पंकज कौड़ा, चेयरमैन मनदीप सिंह, सनिद्ध अग्रवाल, प्रदीप ढल्ला सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति और एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।