दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मेरिट अवार्ड समारोह में नकद राशि और प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित। हिमालयन सोशल इंस्टीट्यूट और सिप्ला फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और निरंतर सफलता के लिए प्रेरित किया गया। स्कूल प्रबंधन ने सामाजिक संस्थाओं के सहयोग को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जीरकपुर: सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दौलत सिंह वाला भबात (एसएएस नगर) में सोमवार को हिमालयन सोशल इंस्टीट्यूट और सिप्ला फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से मेरिट अवार्ड समारोह आयोजित किया गया। समारोह का उद्देश्य शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना था।

समारोह के दौरान बोर्ड परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नकद प्रोत्साहन राशि और मेरिट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा हुसीना को 12 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहीं हरप्रीत को 10 हजार रुपये, जबकि संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं सीमा और नैंसी को आठ-आठ हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में सिप्ला फाउंडेशन की ओर से डिपो मैनेजर विजय कुमार, वित्त विभाग से गगन और जगदेव तथा सीएसआर मैनेजर यशवंत सिंह उपस्थित रहे। हिमालयन सोशल इंस्टीट्यूट की ओर से दिनेश चंद ने कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन राजनीति शास्त्र की व्याख्याता टीना ने किया। स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. सुनील बहल ने हिमालयन सोशल इंस्टीट्यूट और सिप्ला फाउंडेशन का विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के इस प्रयास के लिए आभार जताया। उन्होंने शिक्षिकाओं किरण पाल, रजनी और रिंपी का भी स्कूल एवं सिप्ला फाउंडेशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए विशेष धन्यवाद किया।