लुधियाना : डीएवी पब्लिक स्कूल, पाखोवाल रोड में डॉ. अनुराधा भाटिया ने नई प्रधानाचार्या के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उनके स्वागत के साथ विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की एक नई शुरुआत हुई।
कार्यभार ग्रहण समारोह का शुभारंभ वैदिक हवन के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय की उन्नति, नए नेतृत्व की सफलता तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. एस.एस. जोहल, प्रबंधिका श्रीमती स्वीन पुरी तथा पूर्व प्रधानाचार्या डॉ. सतवंत कौर भुल्लर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
हवन के उपरांत डॉ. अनुराधा भाटिया ने औपचारिक रूप से प्रधानाचार्या का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने विद्यालय की उत्कृष्ट परंपराओं को आगे बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बेहतर समन्वय के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
विद्यालय परिवार ने डॉ. अनुराधा भाटिया का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में डीएवी पब्लिक स्कूल, पाखोवाल रोड शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगा।