देव समाज कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में आठ विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, विजेता राज्य स्तरीय मुकाबले में लेंगे हिस्सा; खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान।

चंडीगढ़ : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत चंडीगढ़ की ओर से सोमवार को सेक्टर-45 स्थित देव समाज कॉलेज फॉर वूमेन में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शहर के करीब 200 युवाओं ने आठ विभिन्न विधाओं में भाग लेकर नशामुक्त भारत का संदेश दिया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में चंडीगढ़ प्रशासन के खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी नशामुक्त भारत अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

देव समाज कॉलेज फॉर वूमेन की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नीरू मलिक ने आयोजन की मेजबानी पर खुशी जताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता आठ श्रेणियों में आयोजित की गई। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘नशा मुक्त युवा कॉन्क्लेव’ में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान माय भारत चंडीगढ़ के यूटी निदेशक शिवधन शर्मा, माय भारत पंजाब की राज्य निदेशक रश्मीत कौर और सहायक निदेशक विक्रम सिंह ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

जिला युवा अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि माय भारत पोर्टल पर आयोजित नशा मुक्ति शपथ अभियान में चंडीगढ़ ने 380 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करने, नशा मुक्ति की शपथ लेने और नशामुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।