मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक-एक कर पूरे नेटवर्क तक पहुंच बनाई। मलोया थाना पुलिस की कार्रवाई में छह आरोपी दबोचे गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सप्लाई चेन और अन्य तस्करों की तलाश जारी, जबकि एक आरोपी पर पहले से 17 आपराधिक मामले दर्ज मिले।

चंडीगढ़ (अजीत झा.) : चंडीगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मलोया थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 41.47 ग्राम हेरोइन और 14.55 ग्राम आईस बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में सफलता मिली है।

यह कार्रवाई महिला एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देश, एसपी सिटी के.एम. प्रियंका के मार्गदर्शन तथा एसडीपीओ साउथ-वेस्ट धीरज कुमार की निगरानी में मलोया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलदेव कुमार के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की रात करीब 12:40 बजे टोगा बैरियर, डड्डू माजरा के पास एएसआई अभिषेक और उनकी टीम ने मोहाली के गांव माजरा निवासी गुरसेवक सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 14.11 ग्राम हेरोइन और 3.61 ग्राम आईस (मेथ) बरामद हुई। इस संबंध में थाना मलोया में एफआईआर नंबर 96, दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 22 और बाद में धारा 29 जोड़कर मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान अदालत से गुरसेवक सिंह का तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। पूछताछ और खुलासे के आधार पर 1 अगस्त को सेक्टर-44सी निवासी रोहित कुमार उर्फ विक्की को 5.58 ग्राम आईस (मेथ) तथा सेक्टर-50डी निवासी विक्रम कपूर उर्फ रोहित (24) को 5.36 ग्राम आईस (मेथ) के साथ गिरफ्तार किया गया। रोहित कुमार का दो दिन का पुलिस रिमांड भी हासिल किया गया।

जांच आगे बढ़ने पर 2 अगस्त को सेक्टर-52 निवासी विजय राजभर को 5.14 ग्राम हेरोइन और कजहेड़ी निवासी रविंदर कुमार को 10.14 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार उर्फ विक्की के खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट सहित 17 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं विजय राजभर के खिलाफ भी मारपीट से संबंधित एक मामला दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाया जा रहा है। चंडीगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।