डेराबस्सी : डेराबस्सी नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के पिछले करीब एक माह से चल रहे धरने को सोमवार को भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बन्नी संधू ने समर्थन दिया। वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ धरना स्थल पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए उनके आंदोलन के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
बन्नी संधू ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर के वास्तविक कोरोना योद्धा रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान जब अधिकांश लोग अपने घरों में थे, तब सफाई कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर शहर को स्वच्छ रखने का कार्य किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार बार-बार कर्मचारियों से वादे कर उन्हें पूरा नहीं कर रही है। महिला सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की निंदा करते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो सफाई कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान किया जाएगा और उन्हें हरियाणा के कर्मचारियों की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार गरीबों और दलितों के साथ अन्याय कर रही है, जबकि केंद्र सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम कर रही है।
धरने के दौरान ओबीसी मोर्चा पंजाब के उपाध्यक्ष रविंद्र वैष्णव और भाजपा मंडल प्रधान पवन धीमान 'पम्मा' ने भी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनके आंदोलन को समर्थन देने का आश्वासन दिया। सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने भाजपा नेताओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।