पटना (Naren Danu) : बिहार के सहरसा जिले स्थित सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा मेमू पैसेंजर ट्रेन (63344) की तीन बोगियों में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्टेशन मास्टर संजय कुमार सज्जन के अनुसार, सुबह 3:22 बजे ट्रेन में आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। तत्काल दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस दौरान सहरसा-मानसी रेलखंड पर रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहा और लगभग तीन घंटे तक कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही।
घटना के चलते मनिहारी-जयनगर जानकी एक्सप्रेस, सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर, सरायगढ़-देवघर सावन स्पेशल तथा पूर्णिया-हटिया कोसी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रोका गया या विलंब से संचालित किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे के बाद स्थिति सामान्य होने पर रेल यातायात बहाल कर दिया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की तकनीकी टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी, जिसके बाद आग लगने की वजह और तीनों बोगियों को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग किसी तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है, हालांकि रेलवे ने जांच पूरी होने तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।