सिंहपुरा चौक पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने पकड़ी ऑल सीजन और रॉयल चैलेंजर ब्रांड की खेप। हरियाणा निवासी चालक गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट की आशंका के बाद शुरू हुई जांच। पुलिस अब अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

जीरकपुर : जीरकपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा पिकअप वाहन से करीब 60 पेटियां चंडीगढ़ मार्का शराब बरामद करने का दावा किया है। बरामद शराब में ऑल सीजन और रॉयल चैलेंजर ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ पंजाब आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से बड़ी मात्रा में शराब एकत्र कर उसे अवैध रूप से हरियाणा और दिल्ली में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि महिंद्रा पिकअप में शराब की खेप ले जाई जा रही है तथा वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हो सकती है।

सूचना के आधार पर जांच अधिकारी जीवन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिंहपुरा चौक क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से करीब 60 पेटियां शराब बरामद हुईं।

पुलिस ने वाहन चालक की पहचान सुनील कुमार, पुत्र सतबीर सिंह, निवासी गांव हरिता, जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के अवैध शराब तस्करी से जुड़े होने की आशंका जताई गई है।

पुलिस थाना जीरकपुर में आरोपी के खिलाफ पंजाब आबकारी अधिनियम की धारा 61, 1, 14 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब की खेप, महिंद्रा पिकअप और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।