जीरकपुर : अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक्साइज विभाग और जीरकपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 500 पेटी अवैध शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ने में सफलता हासिल की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चंडीगढ़ से लाई गई यह शराब पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई की जानी थी। एक्साइज विभाग ने पंजाब एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक्साइज इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से भारी मात्रा में शराब लाकर पंजाब में अवैध रूप से खपाई जा रही है। सूचना के आधार पर एक्साइज विभाग और जीरकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव शताबगढ़ से गांव छत जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में ट्रक से '9 वन व्हिस्की' ब्रांड की करीब 500 पेटी शराब बरामद हुई। अधिकारियों ने शराब की खेप और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि बरामद शराब को पंजाब के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से सप्लाई करने की तैयारी थी। अब एक्साइज विभाग और पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कोटस
"गुप्त सूचना के आधार पर जीरकपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। नाकाबंदी के दौरान ट्रक से करीब 500 पेटी शराब बरामद हुई है। मामले में एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।"
— गुरप्रीत सिंह, एक्साइज इंस्पेक्टर