समाजवादी पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता ने प्रेस क्लब जीरकपुर में पत्रकार वार्ता कर भाजपा सांसद के कथित बयान की आलोचना की। बोले- जनप्रतिनिधियों को भाषा में संयम बरतना चाहिए, मामले में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को भी भेजा संदेश।

जीरकपुर : समाजवादी पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता मदन शर्मा ने शनिवार को प्रेस क्लब जीरकपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सांसद कंगना रनौत के बच्चों को लेकर दिए गए कथित बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश के बच्चों के संबंध में इस प्रकार की भाषा किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती और भाजपा नेतृत्व को इस मामले में उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

मदन शर्मा ने पंजाब सरकार से मांग की कि भाजपा सांसद कंगना रनौत की शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मोहाली पर एंट्री रोकी जाए। उनका कहना था कि इससे पहले किसानों को लेकर दिए गए बयानों के बाद मोहाली एयरपोर्ट पर हुई घटना से एयरपोर्ट की छवि और शहीद भगत सिंह के नाम की गरिमा को ठेस पहुंची थी। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को भी संदेश भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को अपने बयानों में संयम बरतना चाहिए और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान बच्चों पर दर्ज मामलों को भी वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि बच्चों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा कर उन्हें निरस्त किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जितेंद्र सिंह, ए.के. सिंह, बलकार सिंह, विक्रम यादव, राकेश कुमार यादव, चंद्रजीत यादव तथा समाजवादी पार्टी की चंडीगढ़ टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

कोटस

"देश के बच्चों के बारे में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता। भाजपा नेतृत्व को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए और पंजाब सरकार को मोहाली एयरपोर्ट पर कंगना रनौत की एंट्री रोकने पर विचार करना चाहिए।"
— मदन शर्मा, वरिष्ठ नेता, समाजवादी पार्टी पंजाब