‘एक पौधे की छांव हरियाली के नाम’ अभियान के तहत बिशनपुरा के गुरुद्वारा श्री दशमेश साहिब पार्क में चलाया गया पौधारोपण कार्यक्रम। प्रधान हरबंस सिंह बलटाना ने लोगों से पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए हरित भविष्य का संदेश दिया।

जीरकपुर : ह्यूमन राइट्स वेलफेयर सोसायटी (रजि. 101), जीरकपुर की ओर से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को पौधारोपण अभियान चलाया गया। ‘एक पौधे की छांव हरियाली के नाम’ अभियान के तहत गुरुद्वारा श्री दशमेश साहिब, बिशनपुरा के पार्क में 15 पौधे लगाए गए।

सोसायटी के प्रधान सरदार हरबंस सिंह बलटाना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री दशमेश साहिब के प्रधान सरदार हरभजन सिंह ने ह्यूमन राइट्स वेलफेयर सोसायटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे जनजागरण अभियानों की आवश्यकता है। उन्होंने सोसायटी के सदस्यों का पौधारोपण अभियान चलाने के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने ‘एक पौधे की छांव हरियाली के नाम’ का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और लोगों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी निर्णय लिया।