मेट्रो स्टोर के पास नेशनल हाईवे पर कई दिनों से बह रहा सीवरेज का पानी, राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों की बढ़ी परेशानी। लोगों ने नगर परिषद और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से लगाई गुहार, अधिकारियों ने सोमवार से कार्रवाई का दिया आश्वासन।

जीरकपुर : जीरकपुर के मेट्रो स्टोर के पास नेशनल हाईवे पर पिछले कई दिनों से सीवरेज का गंदा पानी बहने से लोगों का जीना दूभर हो गया है। सड़क पर फैले गंदे पानी और उससे उठ रही बदबू के कारण राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी (एनएचएआई) द्वारा वर्षा जल निकासी नाले से अवैध सीवरेज कनेक्शन हटाने के बाद एक रिहायशी सोसायटी और कुछ होटलों का सीवरेज सीधे हाईवे पर छोड़ा जा रहा है।

स्थानीय निवासी गुरप्रीत सिंह, हरभजन सिंह, राजेश कुमार, सुनील शर्मा, डेविड मसीह, मारिया मसीह, सुनीता देवी, रीना शर्मा, परमजीत कौर और मनप्रीत कौर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में नगर परिषद और पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि प्रभावित स्थान के आसपास कई फूड स्टॉल और एक प्रसिद्ध साउथ इंडियन रेस्तरां है। ऐसे में बदबू के कारण ग्राहकों का आना भी प्रभावित हो रहा है।

लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के अधिकारी प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं, फिर भी समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि जल्द सीवरेज का बहाव नहीं रोका गया तो गंदगी और दुर्गंध से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

सोमवार को होगी कार्रवाई : जेई

नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर स्वनीत सिंह ने बताया कि एनएचएआई द्वारा अवैध सीवरेज कनेक्शन हटाने से पहले संबंधित पक्षों को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि जो लोग अब भी हाईवे पर सीवरेज का पानी छोड़ रहे हैं, उनके खिलाफ सोमवार को कार्यालय खुलते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मौके का निरीक्षण कर सड़क पर बह रहे गंदे पानी को रोकने के लिए आवश्यक कदम भी उठाए जाएंगे।