चंडीगढ़ : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) पंजाब प्रांत की दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक नूरमहल (जालंधर) में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी अभियानों, सेवा कार्यों, सामाजिक समरसता, धार्मिक जागरूकता तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय भी लिए गए।
बैठक के दौरान विश्व हिंदू परिषद ने चंडीगढ़ विभाग की नई जिम्मेदारियों की घोषणा करते हुए वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश राणा को विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ विभाग का सह मंत्री नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और सक्रिय कार्यशैली से चंडीगढ़ विभाग को नई ऊर्जा मिलेगी तथा संगठन की गतिविधियों का और अधिक विस्तार होगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने, सेवा, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आगामी महीनों में संगठन द्वारा विभिन्न सेवा, धार्मिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सुरेश राणा ने नई जिम्मेदारी मिलने पर संगठन के शीर्ष नेतृत्व और प्रांत पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ विभाग में संगठन को बूथ और मोहल्ला स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने तथा सेवा और सामाजिक समरसता के कार्यों को गति देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्य किया जाएगा।
बैठक में चंडीगढ़ से विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष अरविंद मौदगिल, उपाध्यक्ष राकेश चौधरी तथा सह मंत्री पंकज शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने सुरेश राणा को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।